Thursday 14 March 2013

गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में मोदी का नाम

गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में मोदी का नाम

अहमदाबाद। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी एक तरफ जहां चुनाव जीतने का रिकार्ड कायम करते जा रहे हैं वहीं उन्होंने इस बार राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान के दौरान थ्री डी तकनीक से एक साथ 53 स्थानों पर जनता को संबोधित कर विश्व रिकार्ड कायम कर दिया। मोदी के इस रिकार्ड को गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में शामिल किया गया है। मोदी ने यह कारनामा पिछले साल 10 दिसंबर 2012 को किया।
कुछ ही महीने पहले नरेंद्र मोदी ने गुजरात में लगातार तीन बार चुनाव जीत कर सरकार बनाने का रिकार्ड कायम किया। इस चुनाव के दौरान मोदी का प्रचार अभियान पूरी तरह से हाईटेक और विश्वस्तरीय था। मोदी चुनाव अभियान के दौरान समाज के हर तबके के लोगों से मिलना और अपनी बातें उन तक पहुंचाना चाहते थे। प्रदेश में हुए पिछले चुनाव में प्रचार अभियान तकनीकी के लिहाज से बहुत अलग और विशेष था। कहा जाता है कि भारत के इतिहास में चुनाव प्रचार के दौरान तकनीक का इतना इस्तेमाल पहले कभी नही किया गया था।
नरेंद्र मोदी को भारत में तकनीक का सबसे अधिक इस्तेमाल करने वाला नेता माना जाता है। इस बात को उन्होंने इस बार के चुनाव में साबित कर दिया। चुनाव प्रचार में थ्री डी होलोग्रैफिक प्रोजेक्शन टेक्नालॉजी का इस्तेमाल कर वे सही मायने में गेम चेंजर साबित हुए। गौरतलब है कि विश्व में पहली बार इस तकनीक का इस्तेमाल किया गया। गुजरात के लिए यह गौरव की बात थी।
इस तकनीक से मोदी ने 18 नवंबर 2012 को एक साथ चार शहरों में अपने समर्थकों को संबोधित किया। इसके बाद 29 नवंबर को उन्होंने 15 जिले के 26 स्थानों पर लोगों को एक साथ संबोधित किया। 4 दिसंबर को इसी तकनीक से मोदी ने एक साथ 52 स्थानों पर अपने समर्थकों को संबोधित किया, जबकि 10 दिसंबर 2012 को मोदी ने एक साथ 53 स्थानों पर लोगों को संबोधित किया। यह एक विश्व रिकार्ड है जिसे गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकार्ड में भी शामिल किया गया है।

 

No comments:

Post a Comment